तुलसीपुर। सोनवा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चौगोई निवासी सुहेल (18) चार साल से तुलसीपुर के अडराई गांव स्थित मदरसा दारुल उलूम अल जामियातुल कादरिया में पढ़ते हैं। सुहेल के पिता जमील अली ने बताया कि वह परिवार सहित मुंबई में रहते हैं। वह मजदूरी करते हैं। 21 मई को सुहेल अचानक मदरसे से लापता हो गया।
जमील अली ने आरोप लगाया कि मदरसा संचालक ने इसकी सूचना उन्हें नहीं दी। कुछ दिनों बाद गांव के लोगों से उन्हें बेटे के लापता होने की जानकारी मिली। इसके बाद जमील अली ने मदरसा संचालक अब्दुल कादिर से संपर्क करने की कोशिश की। हालांकि, उनसे बात नहीं हो पाई।
परेशान होकर जमील अली मुंबई से अपने गांव चौगोई पहुंचे और बृहस्पतिवार को उन्होंने सोनवा थाने में बेटे की तलाश के लिए तहरीर दी। सोनवा थाना प्रभारी बिसुनदेव पांडेय ने बताया कि पिता जमील अली की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम छात्र सुहेल की तलाश में जुट गई है।