किसानों को आधुनिक खेती के लिए करें प्रेरित
आत्मा योजना समिति की बैठक में डीएम ने दिया निर्देश
श्रावस्ती। प्रदेश सरकार किसानों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की ओर से किसान हित में कई योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। विभागीय अधिकारी पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य योजना बना कर किसानों को लाभ पहुंचाएं। इसके साथ उन्हें आधुनिक खेती के लिए प्रेरित करें।
यह बातें शुक्रवार को कैंप कार्यालय सभागार में डीएम दीपक मीणा ने कृषि विभाग की ओर से संचालित आत्मा योजना समिति की बैठक के दौरान अधिकारियों से कही। उन्होंने कहाकि किसान अगली बैठक में अपने अपने क्षेत्र में कृषि से संबंधित समस्याओं की सूची बनाकर लाएं। संबंधित अधिकारियों से समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। डीएम ने अधिकारियों को जिले के प्रगतिशील किसानों के माध्यम से केला व वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन कराने, इसकी वैज्ञानिकों से देखरेख कराने तथा वहां बोर्ड लगा कर किसानों को सीखने के लिए प्रेरित करने की बात कही। प्रभारी उद्यान अधिकारी को किसानों को अच्छे संस्थानों में ले जाकर उन्हें गांव स्तर पर ही वैज्ञानिक विधि से खेती करने का गुर सिखाने का निर्देश दिया। सीवीओ को उन्नत नस्ल के जानवरों की संख्या बढ़ाने तथा शत प्रतिशत पशुओं का बरसात से पूर्व टीकाकरण कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। बैठक में सीडीओ शिवनरायण, उपनिदेशक कृषि डॉ. पीके कनौजिया, जिला कृषि अधिकारी आरपी राना, सीबीओ डॉ. सरवर आलम सहित कई किसान मौजूद रहे।