श्रावस्ती। इकौना थाने का शनिवार को एएसपी ने औचक निरीक्षण किया। उन्हें परिसर व उसके आसपास गंदगी देखने को मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए सभी थाना व चौकी प्रभारियों को व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अपराध समीक्षा के दौरान विवेचना आदि लंबित देख भड़के एएसपी ने जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे देखा कि थाना परिसर, आगंतुक कक्ष, हवालात, बैरक, मालखाना व कार्यालय में भारी गंदगी व्याप्त है। इतना ही नहीं दीवारों पर जाले लगे हैं। नालियां प्लास्टिक से पटी हैं। इस पर उन्होंने थाना प्रभारी को फटकार लगाते हुए सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। कहा कि एसपी सहित शासन स्तर पर थानों को साफ-सुथरा रखने के स्पष्ट आदेश लगातार दिए जा रहे हैं। इसके बावजूद यहां व्याप्त गंदगी थाना प्रभारी की लापरवाही की बानगी है। इसे एक सप्ताह के अंदर पूरी तरह दुरुस्त करा लें। अन्यथा कार्रवाई के लिए एसपी को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
अपराध समीक्षा के दौरान थाने में वर्ष 2017 व 2018 की 54 विवेचनाएं लंबित मिलीं। इस पर नाराजगी जताते हुए लंबित विवेचनाओं के लिए जिम्मेदार चार उपनिरीक्षकों से स्पष्टीकरण तलब किया। कहा कि एक उप निरीक्षक के विरुद्ध जांच के लिए एसपी को रिपोर्ट भी भेजी जाएगी।
थाना व चौकी प्रभारियों को पैदल गश्त बढ़ाने, गश्त के दौरान स्थानीय व्यापारियों से बात कर कुशलता पूछने, रास्तों से अतिक्रमण हटवाने, उस क्षेत्र के वांछित व वारंटियों की सूची लेकर जाने व दबिश देकर गिरफ्तारी करने, हिस्ट्रीशीटर व जिलाबदर अपराधी के बारे में तस्दीक करने, दो या दो से अधिक बुजुर्ग एक साथ मिलें तो उनकी कुशलता पूछने, दो या दो से अधिक बच्चियां मिलें तो उनसे विनम्रता पूर्वक उनके घर के आसपास की किसी समस्या की जानकारी लेने तथा समस्या होने पर उसका निदान कराने, लंबित प्रार्थना पत्र का मौके पर जाकर निस्तारण करने, क्षेत्र में पड़ने वाले शराब, भांग व बियर की दुकानों के आसपास खड़े लोगों की जांच करने, वाहनों, ओवरलोडिंग आदि की जांच का निर्देश दिया। इस मौके पर सीओ इकौना तारकेश्वर पांडे सहित सभी एसआई, आरक्षी, प्रधान आरक्षी व प्रभारी निरीक्षक मौजूद रहे।