श्रावस्ती। एएसपी ने सिरसिया थाने का गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें व्यवस्था बदहाल मिली। वहीं अपराध समीक्षा के दौरान लंबित विवेचनाओं की फेहरिस्त देख उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही संबंधितों पर कार्रवाई के लिए एसपी को रिपोर्ट भेजने की बात कही।
सिरसिया थाने का गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेस, बैरक, मालखाना, हवालात, आगंतुक कक्ष, प्रशासनिक भवन, कार्यालय, फैमिली क्वार्टर सहित थाना परिसर का जायजा लिया। थाना परिसर में जगह-जगह घास उगी मिली। साथ ही परिसर सहित आवास की छतों पर कूड़े का ढेर लगा मिला।
इतना ही नहीं बैरक, मेस व आगंतुक कक्ष सहित शौचालय में जाला व गंदगी मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रभारी निरीक्षक सिरसिया राहुल सिंह यादव को एक सप्ताह में व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। इसके बाद एएसपी ने अपराध की समीक्षा की। उन्होंने देखा कि थाने में 41 विवेचनाएं लंबित है।
दो विवेचकों द्वारा निस्तारण में रुचि नहीं ली जा रही है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने थाना प्रभारी से एक सप्ताह में स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही व्यवस्था में सुधार न होने पर जिम्मेदार उपनिरीक्षकों सहित थाना प्रभारी पर कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट भेजने की चेतावनी भी दी। इस मौके पर थाने में तैनात सभी उपनिरीक्षक, प्रधान आरक्षी व महिला तथा पुरुष आरक्षी मौजूद रहे।