श्रावस्ती। विगत दिनों आई तेज आंधी व बरसात के कारण बहराइच जमुनहा मार्ग पर बंजारनपुरवा के निकट कई विद्युत पोल टूट कर गिर गए थे। जिससे अब तक न तो हटाया गया और न ही बदला गया। इससे जमुनहा क्षेत्र के करीब 22 गांव की विद्युत आपूर्ति ठप है। ऐसे में लोगों के मोबाइल फोन व घरों में लगे विद्युत उपकरण काम नहीं कर रहे हैं।
तराई में रविवार रात तेज धूल भरी आंधी के साथ बरसात हुई। इसके चलते विद्युत उपकेंद्र उल्लहवा से बहराइच जमुनहा मार्ग के बीच कई स्थानों पर विद्युत पोल टूट कर गिर गए थे। इन्हें अब तक पावर कार्पोरेशन कर्मियों ने नहीं हटाया है। इसके चलते जमुनहा बाजार सहित आसपास के क्षेत्र के करीब 22 गांव की विद्युत आपूर्ति ठप है। इससे करीब ढाई हजार उपभोक्ता व करीब सवा लाख आबादी प्रभावित है।
विद्युत पोल न हटाए जाने के कारण रात में विद्युत तार दिखाई नहीं पड़ते। जिससे दुर्घटना की संभावना बनी हुई है। इसकी सूचना उपभोक्ताओं ने कई बार विद्युत उपकेंद्र उल्लहवा में दी है। इसके बावजूद विद्युत कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे लोगों की दुश्वारियां बरकरार है। विदित हो कि तेज आंधी पानी के कारण भिनगा में स्थापित 132 केवीए उपकेंद्र में खराबी होने व कई स्थानों पर पोल व तार गिरने से समूचे जिले की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। जिसे सोमवार देर रात तक बहाल करा दिया गया था।
जबकि जमुनहा क्षेत्र की आपूर्ति अब भी प्रभावित है। जिससे उपभोक्ताओं में पावर कॉर्पोरेशन के प्रति नाराजगी है। इस बारे में अधिशासी अभियंता पावर कॉर्पोरेशन रमा शंकर मौर्य बताते हैं कि विद्युत कर्मी लाईन दुरुस्त करने में लगे थे। इस कारण बंजारनपुर के निकट पड़ा पोल नहीं हटाया जा सका है। जल्द ही पोल हटवा कर आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।