जमुनहा (श्रावस्ती)। लालबोझा गांव में लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें गुणवत्ता विहीन निर्माण का आरोप लगाते हुए शनिवार को ग्रामीणों ने काम रुकवा दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया।
जमुनहा विकास क्षेत्र के ग्राम लालबोझा में लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। यह सड़क भकला के पिपरा घाट पुल से गांव तक बनाई जा रही है। 12 सौ मीटर लंबी सड़क के निर्माण में कार्रदायी संस्था के ठेकेदार मानकों की अनदेखी कर रहे हैं। ठेकेदार की ओर से न तो ढंग से सड़क पर गिट्टी डाल कर कुटाई कराई गई, और न ही डस्ट आदि मार्ग पर डाला गया। मार्ग पर पेंटिंग कार्य कराया जा रहा है।
पेंटिंग कार्य में भी ठेकेदार गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दे रहा है। ठेकेदार की ओर से आनन फानन में तारकोल व गिट्टी डाल कर खामियां छिपाई जा रही है। ससे मार्ग के अस्तित्व को लेकर अभी से सवालिया निशान लगने लगे हैं। इससे नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को मौके पर पहुंच कर निर्माण कार्य रुकवा दिया। इसके साथ ही ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान हरिद्वार प्रसाद वर्मा के नेतृत्व में मार्ग पर ही प्रदर्शन किया।
इस दौरान ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन करने वालों में राजेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, परशुराम, राम विलास, पतलू, सुखदेव चौहान, जगदेव, जैसराम, रामतेज, पहलवान, शिवराजा आदि मौजूद रहे।