श्रावस्ती। परिषदीय विद्यालयों को स्मार्ट बनाने की कवायद चल रही है। इसके लिए बेसिक शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए बुधवार से जिला पंचायत सभागार में तीन दिवसीय कार्यशाला प्रारंभ हुई।
इसमें प्रभारी डीएम ने 10 विद्यालयों के शिक्षकों को लैपटॉप व प्रोजेक्टर आदि प्रदान किया। कार्यशाला में प्रभारी जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी अवनीश राय ने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन विद्यालयों को सभी तरह से सुदृढ़ बनाया जाएगा। इसके लिए शासन की ओर से कई प्रकार के प्रयोग किए जा रहे हैं।
पहले चरण में जिले के तीस विद्यालयों के साथ ही दस अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों को भी चयनित किया गया है। जहां शिक्षकों को लैपटॉप व प्रोजेक्टर के माध्यम से शिक्षा देने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान नवाचार पहली बार किया जा रहा है।
इसके माध्यम से सर्व प्रथम 10 ऐसे विद्यालयों को लैपटॉप व प्रोजेक्टर देने के लिए चयनित किया गया है, जिसमें छात्र संख्या अनुसार शिक्षकों की उपलब्धता है।
यहां साफ्टवेयर के माध्यम से कक्षा 2, 3, 4 के बच्चों को पठन कौशल का ज्ञान कराया जाएगा। इस मौके पर उप जिलाधिकारी भिनगा चंद्रमोहन गर्ग ने कहा कि अध्यापक अपने अंदर परिवर्तन लाए, तभी सभी विद्यालयों में बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता में वृद्धि होगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओमकार राणा ने कहा कि चयनित सभी विद्यालयों में सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद शिक्षक नवीन विधा से शिक्षण व्यवस्था प्रारंभ करेंगे। इस मौके पर जिला समन्वयक अजीत कुमार उपाध्याय सहित सभी प्रशिक्षक व अध्यापक मौजूद रहे।