श्रावस्ती। अधिकारियों व कर्मचारियों की कार्यशैली जानने के लिए शुक्रवार डीएम ने विकास भवन स्थित कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें 15 अधिकारी व कर्मचारी नदारद मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने नो वर्क नो पे के आधार पर उनका वेतन बाधित करने का निर्देश दिया। वहीं सभी से जवाब तलब भी किया है।
विकास भवन में संचालित विभिन्न कार्यालयों का जिलाधिकारी टीके शिबु ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चमन सिंह अनुपस्थित मिले। जिनका वेतन बाधित करते हुए स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का आदेश दिया। वरिष्ठ सहायक रामशंकर द्विवेदी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिले।
इनका एक प्रार्थनापत्र, जो ड्राइविंग लाइसेंस के लिए वाहन चालन का परीक्षण के लिए सुबह 10 बजे से 12 बजे अवकाश से संबंधित था मौजूद मिला। सक्षम अधिकारी से स्वीकृत न होने के कारण उनसे स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण में जिला कृषि रक्षा अधिकारी भी अनुपस्थित मिले। जिनका वेतन बाधित करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया। लघु सिंचाई विभाग में सहायक अभियंता व वरिष्ठ सहायक मदन लाल मौर्य नदारद मिले। जिनका नो वर्क नो पे के आधार पर वेतन अदेय करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।
नरेन्द्र कुमार यादव आकस्मिक अवकाश पर मिले जबकि पंजिका में कोई प्रार्थनापत्र नहीं मिला। जिनका अग्रिम आदेशों तक वेतन बाधित करते हुए स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। जिला युवा कल्याण अधिकारी अरविंद स्वरूप कुशवाहा नदारद मिले जिनसे स्पष्टीकरण तलब करते हुए अग्रिम आदेशों तक वेतन आहरण बाधित किया। कनिष्ठ सहायक वेद प्रकाश को बिना किसी सूचना के अनुपस्थित मिलने पर उनका वेतन अदेय किया। जिला समाज कल्याण कार्यालय में तैनात प्रशांत कुमार सिंह एक दिसंबर से अनुपस्थित मिले।
जिनका वेतन आहरण बाधित किया गया। वहीं सुनील कुमार का वेतन अदेय किया गया। श्रम प्रवर्तन कार्यालय में तैनात प्रदीप सिंह के अनुपस्थित होने पर उनका मानदेय बाधित किया गया। पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मोहन त्रिपाठी के अनुपस्थिति मिलने पर अग्रिम आदेशों तक वेतन आहरण बाधित किया गया। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी भी निरीक्षण के समय अनुपस्थित मिले। जिनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के कनिष्ठ सहायक रमेश सिंह बोट व वरिष्ठ सहायक रवि कुमार श्रीवास्तव निर्धारित वेशभूषा में कार्यालय में उपस्थित नहीं मिले। जिनसे स्पष्टीकरण तलब किया गया है।