राजस्व वसूली में शिथिलता नहीं होगी बर्दाश्त : एडीएम
श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को एडीएम ने राजस्व वसूली की समीक्षा की। इस दौरान मंडल में वसूली के मामले में श्रावस्ती के पीछे होने पर वह सख्त दिखे। उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को राजस्व वसूली में शिथिलता बर्दाश्त न करने की चेतावनी देते हुए इसमें तेजी लाने का कड़ा निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी ओपी सिंह ने कहा कि राजस्व वसूली से ही सरकार अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं का संचालन करती है। कहा कि अब कर करेतर राजस्व प्राप्तियों की गहन समीक्षा होगी। जो विभागीय अधिकारी लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं करेंगे, उन्हें चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान लक्ष्य के सापेक्ष वसूली न करने पर मनोरंजन, विद्युत, वाणिज्य कर एवं लौह खनन के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को वसूली में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी ने स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी व परिवहन समेत अन्य विभागों द्वारा की जा रही वसूली की भी समीक्षा की।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी सौरभ दूबे, डीएफओ एके शुक्ला, एआईजी स्टांप पीएन सिंह, तहसीलदार जमुनहा राजकुमार पांडे, जिला आबकारी अधिकारी प्रेम सागर, एसओसी एसके दोहरे व अधिशाषी अभियंता विद्युत विनय कुमार समेत संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।