अब खाकी वर्दी नहीं, मिलेगी चेकदार शर्ट
बेसिक के विद्यार्थियों के ड्रेस कोड में बदलाव
बीएसए ने जारी किया नया ड्रेस कोड
श्रावस्ती। बेसिक के छात्र अब खाकी वर्दी नहीं बल्कि चेकदार शर्ट व कत्थई रंग की पैंट पहनेंगे। जबकि यही कलर छात्राओं के लिए भी निर्धारित है। ड्रेस छात्र छात्राओं को सिलाकर दिया जाएगा। इसके लिए समय सारिणी व ड्रेस कोड बुधवार को बीएसए ने जारी किया।
स्कूलों में खाकी वर्दी पहन कर अब बच्चे नहीं आएंगे। इसके लिए बुधवार को बीएसए ने नई नीति के तहत ड्रेस कोड व समय सारिणी जारी किया है। जारी ड्रेस कोड के अनुसार छात्रों को गुलाबी चेकदार शर्ट व कत्थई फुल पैंट बेल्ट व जूता मिलेगा। जबकि छात्राओं को इसी कलर का स्कर्ट टॉप या फिर सलवार सूट दिया जाएगा। बुधवार को नया ड्रे कोड जारी करते हुए बीएसए दीपिका चतुर्वेदी ने बीआरसी भवन भिनगा में बताया कि यह ड्रेस स्कूल में ही बच्चों की नाप लेकर बनवाया जाना है। इसके लिए एक जुलाई से तीन जुलाई तक मुफ्त यूनीफार्म क्रय समिति का गठन किया जायेगा। एक जुलाई से चार जुलाई के बीच दर्जी के माध्यम से बच्चों के यूनीफार्म का माप लिया जाएगा। एक जुलाई से छह जुलाई तक यूनीफॉर्म की माप के साथ ही साथ शासन द्वारा निर्धारित मानक के कपड़ों के सैंपल के अनुसार कपड़ा खरीदा जाएगा। सात जुलाई से दस जुलाई तक यूनीफार्म की सिलाई कराकर स्कूल को ड्रेस मिल जाएगी। दस से पंद्रह जुलाई तक जन प्रतिनिधियों के माध्यम से बच्चों को यूनीफार्म बांटी जाएगी। वितरण की सूचना 16 जुलाई को जिले में बनाए गए कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05250- 222631 व 9453009402 पर दी जाएगी। इस दौरान अजीत कुमार उपाध्याय, दिनेश कुमार वर्मा, अनूप कुमार श्रीवास्तव सहित कई अन्य एनपीआरसी मौजूद रहे।