श्रावस्ती। दीपोत्सव के पर्व को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। शनिवार को शहर व ग्रामीण क्षेत्रों की बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ी। दीपावली पर्व के लिए लोगों ने लइया, चूरा, खिलौनों के साथ पटाखों की जमकर खरीदारी की। इस बार जहां केन पटाखे से निकले वाली रोशनी लोगों को आकर्षित करेगी।
वहीं, हाट बैलून भी आसमान में दीपावली की चमक बिखेरेगा। महताब व जलेबी घर के आंगन को रोशनी से जगमग करेंगी। कार्तिक अमावस्या की रात जहां लोगों के घर व प्रतिष्ठान दीपक, मोमबत्ती व झालरों से रोशन होंगे। वहीं आसमान पर बारह व साठ स्टार पटाखे सतरंगी फुहार बरसाएंगे। इसके लिए भिनगा के जूनियर हाईस्कूल व इकौना के रामलीला मैदान में पटाखों की बिक्री के प्रबंध किए गए हैं।
दीप पर्व के लिए आज रविवार को कार्तिक अमावस्या की रात सतरंगी रंगों से रोशन होगी। इसके लिए शनिवार को लोगों ने अपने घरों व प्रतिष्ठानों को बिजली की झालरों से सजाया। वहीं परंपरागत तरीके से घरों को रोशन करने के लिए दीपक व मोमबत्ती भी खरीदी जा रही है। इसके साथ ही लोगों ने बाजार लइया, चूरा, गट्टा व खिलौने की भी खरीदारी की।
वहीं दूसरी ओर इस वर्ष भी पटाखा बेचने के लिए भिनगा के जूनियर हाईस्कूल मैदान व इकौना के रामलीला मैदान में दुकानें लगाई गई है। इस बार लोगों के बीच केन, मिर्ची, फुलझड़ी, जलेबी पटाखा धूम मचाए हैं।
केन पटाखा जलाते ही जहां सतरंगी फुहारों से छटा को रोशन करेगा, वहीं बारह व साठ स्टार आसमान से सतरंगी रंगों की फुहार करेगा। फुलझड़ी, माहताब, जलेबी व अनार भी लोगों के घर आंगन में अपनी छटा बिखेरेंगे। वहीं रंग बिरंगे हाट बैलून आकाश गंगा में टिमटिमाते तारों जैसे नजर आएंगे।
पूजन का शुभ मुहूर्त
पंडित शेर बहादुर तिवारी के अनुसार इस वर्ष कार्तिक अमावस्या का संयोग दो दिन हो रहा है। रविवार को दोपहर 12:13 बजे से अमावस्या प्रारंभ होगी। इस समय पर अमावस मध्याह्न, अपराह्न, सांय काल, प्रदोष काल, निशिथकाल, महा निशिथकाल से युक्त होगी। इसलिए रविवार को ही दीपावली पूजन किया जाएगा। सोमवार के दिन अमावस्या सुबह 09:09 बजे तक ही रहेगी। इसके बाद प्रतिपदा प्रारंभ होगी। इस दौरान अन्नकूट व गोवर्धन पूजा होगी।
व्यस्त गलियों में भी बिक रहे पटाखे
जिला प्रशासन की ओर से आबादी के मध्य व व्यस्त बाजारों में पटाखों की बिक्री पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके लिए भिनगा के जूनियर हाईस्कूल मैदान व इकौना के रामलीला मैदान सहित जमुनहा में लालबहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज मैदान में पटाखों की बिक्री की व्यवस्था कराई गई है। वहीं व्यापारियों की ओर से प्रशासनिक अधिकारियों के आदेश को दरकिनार कर व्यस्त गलियों में चोरी छिपे गोला बारूद बेचा जा रहा है।
पटाखों का मूल्य
गोला भाव
केन 120 रुपये प्रति पीस
मिर्ची 10 से 350 रुपये प्रति पैकेट
फुलझड़ी 20 से 200 रुपये डिब्बी
माहताब पांच से 15 रुपये प्रतिपीस
जलेबी 10 से 50 रुपये प्रतिपीस
गोला छोटा 300 रुपये सैकड़ा
12 स्टार 200 रुपये प्रतिपीस
60 स्टार 850 रुपये प्रतिपीस
गोला बड़ा 50 रुपये प्रतिपीस
अनार 10 से 100 रुपये प्रतिपीस
रंगीन फुलझड़ी 50 से 300 रुपये पैकेट
जलेबी 05 से 50 रुपये प्रतिपीस
112 नंबर पर ही मिलेंगी सभी आपात सहायता
प्रकाश का महापर्व दीपावली आज रविवार को मनाया जाएगा। यदि कहीं कोई अनहोनी हो तो इसके लिए तत्काल 112 नंबर डायल कर पुलिस, फायर विभाग सहित एंबुलेंस सेवा ली जा सकती है। बिजली की समस्या के लिए कंट्रोल रूम के सीयूजी 9453004842 सहित अधिशासी अभियंता पावर कॉर्पोरेशन के सीयूजी नंबर 9415901449 पर बात कर सकते हैं। इसके साथ ही पुलिस सेवा के लिए एसपी के मोबाइल नंबर 9454400311, एएसपी के मोबाइल नंबर 9454401122, सीओ भिनगा के मोबाइल नंबर 9454401379, सीओ इकौना के नंबर 9454401380 पर संपर्क कर सकते हैं। स्वास्थ्य सेवा के लिए सीएमओ के मोबाइल नंबर 8005192695, सीएमएस के नंबर 9415191332 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं डीएम के मोबाइल नबंर 9454417538 तथा अग्निशमन अधिकारी के फोन नंबर 9454418334 पर बात कर आपात स्थिति में सहायता ले सकते हैं।
सभी चिकित्सालयों में बेड आरक्षित
आग की घटनाओं से प्रभावित लोगों के इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में दस बेड आरक्षित किए गए हैं। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चार बेड आरक्षित किए गए हैं। जहां जलने व आंख से संबंधित सभी प्रकार की दवाएं मौजूद कराई गई है। इसके साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों की आपात ड्यूटी भी लगाई गई है। जहां चिकित्सक कर्मचारियों के साथ मौजूद रह कर लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराएंगे। इसके साथ ही आपात स्थित के लिए एंबुलेंस को भी अलर्ट रखा गया है।
अग्निशमन कर्मचारी रहेंगे अलर्ट
दीपावली पर आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए भिनगा व इकौना में अग्निशमन वाहनों व कर्मचारियों को अलर्ट रखा गया है। इसके साथ ही विभाग का एक वाहन भ्रमणशील रहेगा, जो आपात स्थिति की सूचना के बाद तत्काल मौके पर पहुंचकर आग को बुझाएगा। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आदेश जारी किया गया है।
दमा व अस्थमा के मरीज रहें सजग, पटाखों से आंख व कान को बचाएं
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश मातनहेलिया ने बताया कि दीपावली के दिन प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ जाता है। ऐसे में दमा और अस्थमा के मरीज को सावधान रहने की जरूरत है। पटाखों का धुआं उन्हें परेशान कर सकता है। ऐसे में वह घर के अंदर रहे। बिना मास्क लगाए बाहर न निकलें। नेत्र रोग सर्जन डॉ. फणींद्र तिवारी ने बताया कि दीपावली पर पटाखा छुड़ाते समय आंख में चिंगारी अथवा बारूद पड़ सकता है। इससे आंख की पलकों के जलने व पुतली फटने का खतरा रहता है। ऐसी स्थिति में नेत्र सर्जन को दिखाएं। घरेलू उपाय किए तो जिंदगी भर के लिए आंखों से हाथ धोना पड़ सकता है। तेज आवाज से कान को भी बचाकर रखें। तीव्र ध्वनि वाले पटाखों से बचकर रहें। आंखों में पटाखों का तेज धुआं और रोशनी लग जाए तो सबसे पहले आंख को अच्छी तरह धोना चाहिए।
अभेद होगी सुरक्षा व्यवस्था
जिले के सभी प्रमुख मार्गों, गांव व नगरीय क्षेत्रों की दो दो घंटों के अंतराल पर जांच कराई जा रही है। नगरीय क्षेत्र में भीड़ भाड़ वाले स्थान पर पुलिस की ड्यूटी लगाने के साथ ही भिनगा व इकौना में डेढ़ डेढ़ प्लाटून पीएसी के साथ होमगार्ड के जवानों को लगाया गया है। इसके साथ ही सघन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है। नगर में पटाखों की बिक्री रोकने के साथ ही तय स्थानों पर पटाखा बेच रहे लोगों को अपने पास पानीस बालू व अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था करने को कहा गया है। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग के कर्मियों को अलर्ट कर दिया गया है। - आशीष श्रीवास्तव, एसपी
डीएम व एसपी ने दी बधाई
श्रावस्ती। जिलाधिकारी यशु रुस्तगी ने जिले वासियों को प्रकाश पर्व दीपावली की बधाई दी है। उन्होंने लोगों से शांति एवं सौहार्द पूर्ण ढंग से आपस में मिल कर त्योहार मनाने की अपील की है। कहा कि दीपावली के दिन प्रत्येक घर दीपों की पंक्तियों से शोभायमान रहता है। दीपों, मोमबत्तियों और बिजली की रोशनी से घर का कोना-कोना प्रकाशित हो उठता है। सभी लोग मिलजुल कर त्योहार का आनंद लें। वहीं पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने लोगों को दीपावली पर बधाई देते हुए कहा कि यह दीपावली सभी जिलेवासियों के जीवन को प्रकाशवान करे। लोग सुरक्षित ढंग से पटाखा छुड़ाएं। यह भी प्रयास करे कि आपकी खुशी से किसी को दुख न पहुंचे।