आदर्श इंटर कालेज में परीक्षा देते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : SRAWASTI
श्रावस्ती। जिले में मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यूपी बोर्ड की परीक्षा प्रारंभ हुई। पहले दिन प्रथम पाली में हाईस्कूल व द्वितीय पाली में इंटर हिंदी की परीक्षा हुई। 29 परीक्षा केंद्र पर आयोजित इस परीक्षा के दौरान प्रथम पाली में 9481 के सापेक्ष 8321 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। इस दौरान 1160 परीक्षार्थी केंद्रों से नदारद रहे। डीआईओएस, बीएसए के नेतृत्व में गठित सचल दलों ने कई विद्यालयों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान कोई भी परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते नहीं मिला।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की बोर्ड परीक्षा मंगलवार सुबह आठ बजे से प्रारंभ हुई। इस दौरान परीक्षा केंद्र पर आने वाले परीक्षार्थियों की तीन चक्रों में सघन तलाशी कराई गई। सबसे पहले परीक्षार्थियों को केंद्र के गेट पर, इसके बाद कक्षा प्रवेश द्वार पर तलाशी देनी पड़ी। उत्तर पुस्तिका के वितरण के बाद एक बार फिर तलाशी हुई। इसके बाद उन्हें प्रश्न पत्र वितरित किया गया। इस दौरान सभी कक्षा कक्षों में वाइस रिकॉर्डर व सीसीटीवी कैमरा लगा होने के कारण वहां पूरी तरह से सन्नाटा पसरा रहा।
सभी परीक्षार्थी अपना प्रश्नपत्र हल करने में लगे रहे। वहीं कंप्यूटर ऑपरेटर सहित केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्था व स्टेटिक मजिस्ट्रेटों ने विद्यालय में बने कंट्रोल रूम में बैठकर परीक्षा की निगरानी की। इस दौरान कई केंद्रों का जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी के नेतृत्व में गठित सचल दलों ने औचक निरीक्षक भी किया। प्रथम पाली की परीक्षा में हाईस्कूल में पंजीकृत 9481 के सापेक्ष 8321 परीक्षार्थी ही शामिल हुए। इस दौरान 1160 परीक्षार्थी केंद्र से नदारद रहे। दोनों ही पालियों में संपन्न हुई परीक्षा के दौरान कोई भी परीक्षार्थी अनुचित साधन का प्रयोग करते नहीं मिला।
सचल दल ने छापा मार देखी परीक्षा की हकीकत
जिला विद्यालय निरीक्षक के नेतृत्व में गठित सचल दल ने प्रथम पाली में शिवराजी जनता इंटर कॉलेज लालपुर अयोध्या, तपसी इंटर कॉलेज सेमरहना, त्रियंबकेश्वर इंटर कॉलेज डगमरा, बाजा राजेंद्र दास जनजातीय इंटर कॉलेज मसहा कला व बाबा जबदहा इंटर कॉलेज घुड़दौरिया में छापा मारा। जबकि द्वितीय पाली में आदर्श इंटर कॉलेज जमुनहा, लालबहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज मल्हीपुर, रामदुलारे हरीराम इंटर कॉलेज भंगहा व जनता इंटर कॉलेज पटना खरगौरा में छापेमारी की गई। वहीं बीएसए के सचल दल ने प्रथम पाली में जनता इंटर कॉलेज पटना खरगौरा, नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज गिलौला व काशी विश्वनाथ इंटर कॉलेज खैराकला में निरीक्षण किया। इस दौरान सचल दल को कोई भी परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते नहीं मिला।