जमुनहा (श्रावस्ती)। लक्ष्मनपुर स्थित एक घर में मंगलवार रात शार्ट सर्किट से आग लग गई। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग बुझाते तब तक घर में रखा सारा सामान जल कर राख हो गया।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मनपुर गंगापुर के मजरा लक्ष्मनपुर निवासी चंद्र प्रकाश पुत्र बाल मुकुंद पाठक मंगलवार को एक मांगलिक आयोजन में शामिल होने रिश्तेदारी में गया हुआ था।
घर पर उसकी पत्नी अकेली थी, जो देर शाम को घर से बाहर गई थी। इसी बीच घर में विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इसकी चपेट में आने से घर में रखे 28000 रुपये नकद, बक्सों में रखे कपड़े, बिस्तर, सोने व चांदी के जेवरात, आटा, गेहूं, चावल, दाल सहित घर का अन्य सामान राख हो गया।
जब चंद्र प्रकाश की पत्नी वापस लौटी तो आग की लपटों को देख शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुन जब तक ग्रामीण जब तक मौके पर पहुंचते तब तक घर में रखा सारा सामान जल गया। आग से करीब दो लाख रुपये की संपत्ति के क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।