श्रावस्ती। पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला अभी भी जारी है। इसके साथ ही जिलेवासियों में पाकिस्तान के खिलाफ आक्रोश कम नहीं हो रहा है।
मंगलवार शाम सहारा इंडिया परिवार सहित कई अन्य संगठनों की ओर से कैंडल मार्च निकाल कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान मौजूद लोगों ने पाकिस्तान व आतंकवाद के खिलाफ नारेबाजी भी की।
भिनगा स्थित सेक्टर कार्यालय से सहारा इंडिया परिवार के कर्मचारियों ने मंगलवार देर शाम कैंडल मार्च निकाला। इसमें शामिल कर्मचारी प्रमुख मार्गों से होते हुए ईदगाह तिराहा पहुंचे।
जहां उन्होंने वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं जमुनहा के बैजनाथपुर के ग्रामीणों ने बदला चौराहे पर कैंडल मार्च निकाला।
यहां मौजूद लोगों ने सरकार से आतंकी संगठनों पर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं सिरसिया में भी कैंडल मार्च निकाला गया।
इसमें शामिल लोग दुर्गा मंदिर तिराहे से होते हुए ब्लॉक मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पहुंचे। जहां दो मिनट का मौन रख शहीदों को श्रद्धा सुमन समर्पित किया।