श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को बाढ़ प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन हुआ। यूनीसेफ द्वारा आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता एसडीएम सदर ने की।
उन्होंने मौजूद अधिकारियों को जल्द से जल्द कम्युनिकेशन प्लान तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कार्यशाला में उप जिलाधिकारी भिनगा चंद्रमोहन गर्ग ने बताया कि आपदा व बाढ़ आने पर तत्काल हमें जन-जन को कैसे राहत पहुंचाना है। इस पर पहले से ही तैयारी रखी जाए।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामप्रधान, लेखपाल, कानूनगो, सफाईकर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व आशाओं का मोबाइल नंबर एवं पता लिखकर पहले से ही कम्युनिकेशन प्लान तैयार कर लिया जाए।
जिससे बाढ़ आपदा आने पर तत्काल संभावित बाढ़ क्षेत्रों में राहत के लिए सभी तैयारियां व्यवस्थित की जा सकें। वहीं उप जिलाधिकारी जमुनहा राजकुमार ने कहाकि अक्सर ऐसा होता है कि बाढ़ के दौरान विद्युत आपूर्ति हो जाने के कारण ज्यादातर लोगों के मोबाइल बंद हो जाते हैं।
ऐसे में प्रयास करें कि प्रत्येक गांव से दस लोगों का मोबाइल नंबर पहले ही एकत्र कर लें। जिससे किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो।
कार्यशाला को डिप्टी कलेक्टर धीरज श्रीवास्तव, डिप्टी सीवीओ एके शर्मा, एडिशनल सीएमओ डॉ. मुकेश मातनहेलिया ने भी संबोधित करते हुए अधिकारियों द्वारा बाढ आपदा न्यूनीकरण के बारे में अपने सुझाव रखा।
इस मौके पर जिला विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी, तहसीलदार भिनगा राजकुमार पांडेय, तहसीलदार इकौना, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओमकार राणा, जिला कृषि अधिकारी आरपी राना, जिला समाज कल्याण अधिकारी राकेश रमन सहित तमाम विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।