कैडेटों को पढ़ाया अनुशासन का पाठ
एनसीसी बटालियन के प्रशिक्षण कैंप का समापन
कटरा (श्रावस्ती)। चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज कटरा में चल रहा एनसीसी बटालियन का दस दिवसीय प्रशिक्षण कैंप गुरुवार को समाप्त हो गया। इस दौरान कैंप कमांडेंट ने कैडेटों को अनुशासन व शिष्टाचार का पाठ पढ़ाया। उत्कृष्ट कार्य के लिए कैडेटों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।
समापन अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल आईएस पाठक ने कहा कि शिष्टाचार हमारी सभ्यता व संस्कृति का दर्पण है। जब व्यक्ति के पास कोई विकल्प न हो तो उसे साहस का सहारा लेना चाहिए। अहंकार का परिणाम अच्छा नहीं होता है। स्वाभिमान आवश्यक है और अहंकार अहितकर। कैडेट देश के प्रति जिम्मेदारी को वफादारी से निभाएं तथा नैतिकता का पालन करें। देश के विकास व हित में अपनी अहम भूमिका निभाएं। कैप्टन एसएन शुक्ला ने कहा कि सभी कैडेट प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने जीवन में उतारेे तथा अपने व देश हित के लिए एनसीसी के नियमों का पालन करे। कैडेट हमेशा देश की सुरक्षा व स्वाभिमान के लिए प्रत्येक पल तैयार रहे, और शिष्टाचार बनाये रखें। इसी में देश का विकास व आपकी भलाई निहित है। इस दौरान कैडेटों को सीआरबी इंटर कॉलेज के प्राचार्य मुन्ना लाल यादव ने भारत भूमि की रक्षा के लिए सजग रहने की सीख दी। मौके पर कैप्टन वीके शुक्ला, सूबेदार मेजर सीमांचलन, मांशी श्रीवास्तव, प्रमोद तिवारी, मुकेश चंद्र विश्वकर्मा, हवलदार बुद्धा थापा, नरेंद्र सिंह, बलजीत सिंह सहित सभी कैडेट मौजूद रहे।