सूरज की तपिश देख घरों में दुबके लोग
उमस भरी गर्मी में बेवक्त विद्युत कटौती से उपभोक्ता बेहाल
श्रावस्ती। तराई में सूरज की किरणें आग उगल रही हैं। मौसम का पारा 45 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर है। ऐसे में लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। वहीं, इसके विपरीत दोपहर व रात में होने वाली बिजली कटौती ने उपभोक्ताओं की नींद हराम कर रखी है। जरूरत के वक्त विद्युत आपूर्ति बाधित होने से रोजेदारों सहित हर वर्ग के उपभोक्ता बेहाल हैं।
जिले में इस समय भीषण उमस भरी गर्मी पड़ रही है। सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक सूरज की किरणें आग उगलती हैं। इससे बचने के लिए हर कोई छाया की तलाश कर रहा है। ऐसे में वक्त बिजली कटौती ने गर्मी से बेहाल लोगों की परेशानी और बढ़ा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह नौ बजे बाधित होने वाली विद्युत आपूर्ति दोपहर एक बजे के बाद बहाल होती है। वहीं, शाम सात बजे बाधित आपूर्ति रात नौ बजे के बाद बहाल होती है। इसके साथ ही आपूर्ति के रोस्टर में भी बार-बार होने वाली अघोषित कटौती ने उपभोक्ताओं की नींद हराम कर रखी है। सुबह-शाम होने वाली बिजली कटौती से भीषण गर्मी के कारण जहां रोजेदारों को सुबह शहरी व शाम को अफ्तारी व तरावीह की नमाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के कारण जहां दिन में बाजार सूने देखे जा रहे हैं। वहीं, शाम को अघोषित बिजली कटौती के कारण व्यवसाय पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसकी लगातार शिकायतों के बाद भी पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।