श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को उज्ज्वला गैस सिलिंडर रिफिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष मिश्रीलाल वर्मा, एमएलसी साकेत मिश्र व डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस बीच 105 लाभार्थियों को गैस सिलिंडर रिफिल की धनराशि वितरित की गई। लोगों ने लखनऊ में मुख्यमंत्री की ओर से किए गए वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा।
एमएलसी ने कहा कि देश व प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार की ओर से उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को होली और दिवाली पर निशुल्क रसोई गैस सिलिंडर देने की घोषणा की गई थी। अपने वादे को पूरा करते हुए लाभार्थियों को दिवाली पर निशुल्क गैस सिलिंडर रिफिल के लिए धनराशि हस्तांतरित की गई है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए कई योजनाओं का संचालन कर रही है। इनमें से उज्ज्वला योजना भी एक है। इसके माध्यम से महिलाओं को अब धुंआ से भरे रसोईघर से मुक्ति मिली है। डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार को दिया जा रहा है। लकड़ी जलाकर खाना पकाने से महिलाओं की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। गैस चूल्हे से उनका जीवन और आसान हो गया है।
कार्यक्रम में जिन महिलाओं की केवाईसी अपडेट थी, उनमें से 105 महिलाओं को धनराशि का डेमो चेक प्रदान किया गया है। कार्यक्रम का संचालन जिला आपूर्ति अधिकारी दीपक कुमार वार्ष्णेय ने किया। इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि अवधेश पांडेय, एडीएम अमरेंद्र कुमार वर्मा, प्रकाश चंद्र व विनय कुमार तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।