पत्नी के गम में युवक ने की थी आत्महत्या
कांधल। गांव नाला निवासी युवक ने पत्नी से बिछड़ने के गम में खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों ने गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
थानाक्षेत्र के गांव नाला निवासी सर्विन्दर का गोली लगा शव उनके नलकूप पर मिला था। इस सूचना पर परिवार के लोगों में कोहराम मच गया था। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पीएम को भेज दिया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पहुंचे शव का परिजनों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। युवक के पिता ने बताया कि उसका बेटा काफी दिनों से कुछ परेशान सा लग रहा था। सर्विन्दर के गांव निवासी मित्र सोनू ने बताया कि वह कई दिनों से मानसिक तनाव में था। उसका इस घटना से से पहले फोन आया था कि वह उसका अच्छा मित्र रहा है और उसकी दोस्ती का कर्ज कभी नहीं चुका पाएगा। सर्विन्दर ने उससे कहा कि उसके पापा को बोल देना कि उसको नलकूप से उठा ले जाए ओर फोन काट दिया। दोस्त के अनुसार उसने लव मैरिज किया था, लेकिन उसकी पत्नी की किसी कारण मौत हो गई थी, तभी से वह बहुत परेशान था। इसके चलते वह सदमे में रहता था। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।