शामली। आदर्श मंडी थाना पुलिस ने निजी फाइनेंस कंपनी के 11 लाख 22 हजार 500 रुपये कलेक्शन कर फरार हुए युवक को को जम्मू कश्मीर के कटरा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सात लाख रुपये बरामद किए है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।
शहर के मोहल्ला रेलपार सुभाष नगर निवासी अनुज राघव दो अप्रैल को संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। परिजनों ने थाने पर युवक के लापता होने की सूचना दी थी। परिजनों ने बताया था कि युवक निजी फाइनेंस कंपनी पर कलेक्शन का कार्य करता था। पुलिस युवक को तलाश कर रही थी कि इसी मामले में फाइनेंस कंपनी के संचालक विवेक मित्तल निवासी वर्मा मार्किट ने दो दिन पहले आदर्श मंडी थाने पर अनुज राघव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह कलेक्शन के 11 लाख 22 हजार 500 रुपये लेकर फरार हो गया। शनिवार को पुलिस ने आरोपी अनुज को जम्मू कश्मीर के कटरा स्थित होटल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सात लाख रुपये बरामद किए हैं।
मुकदमे में फैसला न करने पर दी जान से मारने की धमकी
शामली। गांव कसेरवा कलां निवासी ओमवीर सिंह ने आदर्श मंडी थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके लड़के गौरव के साथ 14 अगस्त 2021 को गांव के सौरभ व बादल ने गाली गलौज करते हुए मारपीट की। यह मुकदमा कैराना न्यायालय में विचाराधीन है।पीड़ित का कहना है कि दो अप्रैल को कैराना कोर्ट में तारीख पर जा रहा था तो आरोपियों ने उसके लड़के को रास्ते में रोककर उसके साथ गाली गलौज की और मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दी। इससे पीड़ित परिवार डरा व सहमा हुआ है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया।
स्कूटी की टक्कर से बाइक सवार युवक के घायल होने की रिपोर्ट दर्ज
शामली। हरियाणा के पानीपत की ज्योति कालोनी निवासी मनीष खान ने शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आठ अप्रैल की शाम करीब सात बजे शामली से उसका भाई इशान खान शामली से बाइक पर पानीपत जा रहा था। कैराना मार्ग पर पेट्रोल पंप के निकट पहुंचा तो कैराना की तरफ से स्कूटी पर आ रहे तीन किशोर ने अपनी स्कूटी खेड़ीकरमू की तरफ मोड़ दी। स्कूटी की बाइक में टक्कर होने पर इशान को पहले सीएचसी शामली में भर्ती कराया गया। इसके बाद हालत पानीपत रेफर कर दिया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।