शामली। रेलवे स्टेशन पर रेलवे लाइन पर गिरकर बेहोश हुआ युवक जनता एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन की चपेट में आने से बच गया। रेलवे लाइन के बीच में गिरने से उसकी जान बच गई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली जनता एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार रात करीब पौने आठ बजे शामली स्टेशन पर पहुंची। जैसे ही ट्रेन स्टेशन से रवाना हुई, उसी समय करीब 40 वर्षीय युवक रेलवे लाइन पार करते हुए अचानक गिर गया और बेहोश हो गया। युवक को देखकर चालक ने ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, लेकिन तब तक इंजन उसे पार कर चुका था, लेकिन संयोग रहा कि वह रेलवे लाइन के बीच में गिरा था, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आने से बच गया। रेलवे पुलिस ने उसे निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि युवक अभी बेहोश है। माना जा रहा है कि अचानक दौरा पड़ने से वह रेलवे लाइन पर गिर गया। उसके पास मोबाइल फोन मिला है, लेकिन वह स्विच ऑफ है। उसकी जेब से अन्य कोई कागज या अन्य सामान नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके।