शामली। जिले में 1700 युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत व्यापार शुरू करने के लिए ऋण दिया जाना है लेकिन अभी तक केवल 160 युवाओं को ही इसका लाभ मिला है।
कई युवाओं के आवेदन अभी भी बैंकों में लंबित हैं। अधिक से अधिक युवा उद्यमियों को दिलाने के लिए जल्द ही उद्यमियों, व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी और उद्योग उपायुक्त से मिलेगा। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत युवा पांच लाख रुपये तक की लागत का व्यापार शुरू कर सकते हैं। सरकार की ओर से ब्याज मुक्त लोन मिलेगा। कोई गारंटी भी नहीं देनी होगी। योजना का लाभ 21 से 40 वर्ष तक के युवाओं को दिया जाना है।
जिले में योजना का लाभ 1700 युवा उद्यमियों को दिया जाना है, अभी तक सिर्फ 160 को ही योजना का लाभ मिल सका है। साइमा के चेयरमैन अंकित गोयल, व्यापारी नेता धनश्याम दास गर्ग का कहना है कि बैंकों के सुस्त रवैये के काराण ही योजना का लाभ व्यापारियों को नहीं मिल पा रहा। बैंक फार्म को रिजेक्ट कर देते हैं, जिसके कारण परेशानी होती है। व्यापारियों का कहना है कि सरकार उद्योगों को बढावा देने के लिए योजना बना रही है लेकिन अड़चनों की वजह से उसका लाभ व्यापारियों को नहीं मिल पा रहा है।बहुत से युवा उद्योग लगाना चाहते हैं, उनके लोन आवेदनजिला उद्योग केंद्र से बैंकों में भेजे जा चुके हैं लेकिन बैंकों से लोन पास नहंी हो पा रहा है। इस वजह से इस योजना का लाभ युवाओं को नहीं मिल पा रहा है। मामले को लेकर जल्द जिलाधिकारी अरविंद चौहान, और उपायुक्त उद्योग जैसमीन फौजदार से मिला जाएगा और पूरा मामला रखा जाएगा और बैंकों में गए आवेदनों पर विचार कर जल्द लोन पास कराने की मांग रखी जाएगी। अन्य कई परेशानियां भी बताईं जाएंगी।