ऊन चीनी मिल नौ नवंबर को होगी चालू
शामली। जिले की राणा समूह की ऊन चीनी मिल नौ नवंबर को नए गन्ना पेराई सत्र का शुभारंभ करेगी। चीनी मिल की ओर से तौल केंद्रों के लिए इंडेंट ऊन गन्ना समिति को जारी कर दिया गया है।
पिछले साल 14 नवंबर को ऊन चीनी मिल शुरू हुई थी। इस साल पांच दिन पूर्व आगामी नौ नवंबर को ऊन चीनी मिल का पेराई सत्र शुभारंभ हो रहा है। ऊन चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप पिलानिया ने बताया कि नौ नवंबर को शुरू होने वाले नए पेराई सत्र के लिए चीनी मिल ने छह नवंबर का तौल केंद्रों का 21 हजार क्विंटल का गन्ना इंडेंट ऊन गन्ना समिति को जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि ऊन चीनी मिल में नए पेराई सत्र के लिए विधि विधान से पूजा और 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ आगामी सात नवंबर को शुरू हो जाएगा। नौ नवंबर को सुबह पूजा संपन्न होने के बाद चेन में गन्ना डालकर चीनी मिल चालू कर दी जाएगी। बता दें कि थानाभवन और शामली चीनी मिल ने 31 अक्तूबर से पेराई शुरू कर दी थी। संवाद