शामली। रक्षाबंधन पर रोडवेज की बसों में 19 और 20 अगस्त को महिलाएं निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इस संबंध में आदेश स्थानीय अधिकारियों के पास भेजे गए हैं।
19 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा। रक्षाबंधन के मौके पर निगम मुख्यालय ने रोडवेज की ज्यादा से ज्यादा बसों के संचालन का निर्णय लिया है। निगम मुख्यालय के अपर प्रबंध निदेशक रामसिंह वर्मा ने सभी क्षेत्रीय, सेवा प्रबंधकों, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को पत्र भेजकर आगामी 17 से लेकर 22 अगस्त तक छह दिन की अवधि में अधिक से अधिक निगम की बसों का संचालन करने को कहा है। रक्षाबंधन के दिन 19 से लेकर 20 अगस्त तक महिलाओं को निशुल्क यात्रा कराया जाना प्रस्तावित है। यात्रियों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संविदा चालक, परिचालकों को 1800 किमी से अधिक अर्जित करने पर 55 पैसे प्रति किमी, छह दिन की अवधि के 1200 रुपये क्षेत्रीय कार्यशाला के प्रत्येक दिन एक मुश्त पांच सौ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। शामली रोडवेज बस अड्डे के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी राजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे, जिसकी तैयारी कर ली गई है।