शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में कैराना रोड पर पशु पैठ के निकट ट्रक से कुचलकर बाइक सवार महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो माह की मासूम बच्ची समेत तीन गंभीर घायल हो गए। इस दौरान पैदल जा रहा किसान भी चपेट में आकर घायल हो गया। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
बृहस्पतिवार दोपहर हरियाणा के जिला सोनीपत के गन्नौर निवासी गौरव अपनी मां संतरेश (60), भाभी साक्षी और साक्षी की दो माह की बेटी के साथ बाइक पर लेकर शामली में रिश्तेदारी में आ रहा था। जब वे कैराना रोड पर पशु पैठ के निकट पहुंचे तो पीछे से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक पर पीछे बैठी संतरेश सड़क पर गिर गई जबकि अन्य तीनों लोग बाइक समेत सड़क किनारे गिरकर गंभीर घायल हो गए। इसी दौरान सड़क पर गिरी संतरेश को ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इसी दौरान खेत से घर लौट रहे गांव खेड़ीकरमू निवासी किसान रमेश भी बाइक की चपेट में आकर घायल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गौरव, साक्षी और दो माह की बच्ची को घायलावस्था में सीएचसी शामली में भर्ती कराया। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महिला का परिवार शामली के गांव सिंभालका का मूल निवासी था,जो काफी समय पहले गन्नौर में जाकर रहने लगा था। दुर्घटना की सूचना मिलने पर सिंभालका के लोग भी सीएचसी पहुंच गए।
कोतवाल सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि दुर्घटना के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इस मामले में पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।