शामली। डीएम के निर्देशों के बावजूद भी आयुष्मान कार्ड का लाभ न मिलने व टक्कर मारने वाले वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई न होने से क्षुब्ध एक महिला ने मंगलवार को कलक्ट्रेट में हंगामा किया और धरने पर बैठ गई। महिला के हंगामे से पुलिस में भी अफरातफरी मच गई। आदर्श मंडी पुलिस व महिला थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद किसी तरह महिला को शांत किया।
शहर के मोहल्ला काकानगर निवासी पुष्पा चौधरी मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंची तथा आयुष्मान कार्ड न बनाए जाने को लेकर हंगामा शुरू कर धरने पर बैठ गई। महिला का कहना था कि वह कैंसर से पीड़ित है। उसने पांच फरवरी को डीएम को प्रार्थना पत्र देते हुए उसका आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की गुहार लगाई थी। डीएम ने सीएमओ को मामले का निस्तारण करने के निर्देश जारी किए थे। महिला का आरोप है कि वह बार-बार सीएमओ कार्यालय के चक्कर काट रही है,लेकिन आज तक उसका आयुष्मान कार्ड नहीं बनाया गया जिसके चलते वह अपनी बीमारी का उपचार भी नहीं करा पा रही है। वहीं महिला ने यह भी आरोप लगाया कि 29 सितंबर 2023 को एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी, उसने इस संबंध में कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज कराया था, लेकिन पुलिस ने आज तक वाहन चालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में महिला थाना प्रभारी मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर महिला शांत होकर लौटी।