बाबरी। पानीपत-खटीमा हाईवे के बुटराड़ा बस स्टैंड पर बुधवार दाेपहर रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार महिला निशु (23) की मौत हो गई। बाइक चला रहा उसके जेठ का लड़का विशु घायल हो गया। हादसे में दो छोटी बच्ची सुरक्षित बच गई। परिजनों ने कार्रवाई की मांग करते हुए उपरिगामी पुल की सर्विस रोड पर शव रखकर करीब एक घंटे तक हंगामा किया और हाईवे जाम करने की कोशिश की। सीओ के कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन शांत हुए।
गांव बुटराड़ा निवासी निशु पत्नी अरविंद बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे अपने मायके जिला सहारनपुर के गांव जटपुरा अपने जेठ के पुत्र विशु पुत्र सुनील के साथ बाइक से जा रही थीं।
निशु के साथ उसकी दो बच्ची तनवी (ढाई वर्ष) व क्वीटी (डेढ़ वर्ष) भी बाइक पर थे। बुटराड़ा बस स्टैंड के पास उपरिगामी पुल के नीचे से होते हुए मुजफ्फरनगर की तरफ मुड़े तो शामली से मुजफ्फरनगर जा रही रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए। निशु की मौके पर मौत हो गई जबकि विशु चोट लगने से बेहोश हो गया। अन्य दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए। विशु को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से भाग गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। आक्रोशित परिजनों ने शव को सर्विस रोड पर रखकर हंगामा शुरू कर दिया।
उन्होंने आरोपी बस चालक की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने हाईवे पर शव रखकर जाम लगाने की चेतावनी दी।
क्षेत्राधिकारी थानाभवन श्याम सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से हादसे की जानकारी लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
मृतका के भाई अजय ने बताया कि निशु तीन बहन और दो भाइयों में सबसे बड़ी थी। विशु ने हेलमेट लगाया था, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने से बच गई।
रोडवेज बस की टक्कर... मृतका निशू का फाइल फोटो। परिजन
रोडवेज बस की टक्कर... मृतका निशू का फाइल फोटो। परिजन