कैराना। पिछले सप्ताह आग की घटना में गंभीर रूप से झुलसी 30 वर्षीय अनीता की दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस पहले ही अनीता की सास को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
7 मई को मोहल्ला आलदरमियान में अनीता आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई थी। हादसे में उसकी छह वर्षीय बेटी वंदना और डेढ़ वर्षीय जसप्रीत की दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद अनीता को गंभीर हालत में मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई ।
अनीता के भाई राहुल कुमार निवासी गांव कंडेरा, थाना रमाला जनपद बागपत की तहरीर पर पुलिस ने अनीता की सास ईश्वरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने दो दिन पूर्व आरोपी सास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।