बाबरी (शामली)। क्षेत्र के गांव हिरनवाड़ा निवासी महिला की पंजाब के रूपनगर जिले में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई जबकि दो परिवार के दस लोग घायल हो गए। दोनों परिवार ईंट भट्ठे पर मजदूरी के लिए गए हैं। वहां से वे हिमाचल में नैनो देवी के दर्शन कर लौट रहे थे। महिला की मौत की सूचना पर परिजनों में गम का माहौल है।
गांव हिरनवाड़ा निवासी महेंद्र और कृष्णपाल का परिवार पंजाब के रूपनगर जिले के चमकौर में ईंट भट्ठे पर मजदूरी पर गया हुआ है। परिजनों के मुताबिक 13 अप्रैल की शाम को वहां से दोनों परिवार के दस सदस्यों समेत करीब 34 लोग मिनी ट्रक से हिमाचल में नैनो देवी के दर्शन करने गए थे। रविवार रात को हिमाचल से लौटते समय जब वे पंजाब के खैराबगढ़ के निकट पहुंचे तो सामने से आ रहे सब्जी से लदे मिनी ट्रक से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में महेंद्र की पत्नी प्रमिला (38) की मौत हो गई जबकि महेंद्र का पुत्र मोनू, उसकी पत्नी शिवानी, डेढ़ साल का पुत्र कालू, बहन पूजा घायल हो गए जबकि कृष्णपाल के परिवार से उसका पुत्र विकास उर्फ विक्की, कृष्णपाल की पत्नी नीलम, कोमल पत्नी विकास, परी पुत्री विकास, संजना पुत्री कृष्णपाल और आकाश पुत्र कृष्णपाल गंभीर घायल हुए। इनके अलावा मिनी ट्रक चालक समेत उसमें सवार 20 लोग भी घायल हुए। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में गम का माहौल बना हुआ है। परिजनों का कहना है कि महिला का शव मंगलवार को गांव में पहुंचेगा। बताया गया है कि महेंद्र व कृष्णपाल गांव हिरनवाड़ा में ही रह रहे हैं। महेंद्र के चचेरे भाई हरकुमार की पुत्री की 20 अप्रैल को शादी है।