थानाभवन। पति से किसी बात को लेकर हुए झगड़े के बाद महिला अपनी दो बेटियों को लेकर ट्रेन से कटकर जान देने के लिए जा रही थी। सूचना पर पहुंचे पुलिस के तीन जवानों ने महिला और उसकी दोनों बेटियों को किसी तरह से समझाबुझाकर परिजनों को सौंपा।
जानकारी के अनुसार थानाभवन क्षेत्र की एक महिला का पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिस पर पति ने पत्नी को थप्पड़ भी मार दिया। इस पर महिला अपनी आठ और नौ साल की बेटी को लेकर घर से चल दी और ट्रेन से कटकर आत्महत्या की बात कहीं। मामले की सूचना पाते ही डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और रेलवे ट्रैक पर जा रही महिला और उसकी बेटियों को किसी तरह समझाया। पति को भविष्य में मारपीट नहीं करने की चेतावनी दी। महिला और उसके बेटियों को परिजनों को सौंप दिया गया। एसपी अभिषेक ने बताया कि महिला घर से झगड़ा कर जा रही थी। इसी बीच उसे पुलिसकर्मियों ने बीच रास्ते में रोक लिया और जान बचाई। बाद में महिला और उसकी बेटियों को परिजनों को सौंप दिया गया।