शामली में भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। गोरक्षकों को सरकार का सपोर्ट है, जिससे उनके हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि हम मंदिरों पर नहीं संसद पर कब्जा करेंगे। बहुजन समाज अपने वोट की वैल्यू समझे। किसी के बहकावे में ना आकर एकजुटकर होकर बहुजन समाज के लिए वोट करें।
शहर के जगजीवन राम छात्रावास में बाबा साहेब के महापरिनिर्वाण दिवस पर आयोजित सभा में उन्होंने बुलंदशहर की घटना पर कहा कि लोकतंत्र का प्रबंधन है पुलिस प्रशासन। पुलिस ही सुरक्षा मुहैया करता है, मगर यहां पुलिस वालों को ही उन्हें मार दिया जाता है। यूपी सरकार का बड़ा सपोर्ट गोरक्षकों बजरंग दलों को है। इसी वजह से उनके हौसले बुलंद हैं। आए दिन हत्याएं हो रही हैं। भाजपा सरकार के राज में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। आम आदमी इतना डरा सहमा है कि घर से निकलते हुए भी सोचता है कि वो वापस आएगा या नहीं ।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कि कहा हनुमान जी को दलित बताना मुद्दे से भटकाना है। भाजपा ने जो वादे किए थे वे उसे पूरा नहीं कर सकी। वो चारों तरफ से घिरी है तो लोगों को गुमराह करने को ही इस तरह की बातें कर रहे हैं। हमारे लोगों ने दलित मंदिरों पर कब्जे की बात कह दी थी, मगर अब हमें मंदिरों पर नहीं संसद में कब्जा करना है। आज मैं संसद भवन गया था। वहां का माहौल देखकर लगने लगा कि आने वाला समय बहुजन समाज का है। बहुजन समाज पूर्ण बहुमत से अगली सरकार बनाएगा। इसके लिए बहुजन समाज एकजुट होकर तैयारी करे।
इस बार संविधान सुरक्षा की लड़ाई है
इस बार सबसे बड़ी लड़ाई संविधान की सुरक्षा की है। यह तभी संभव है, जब हम वोट की महत्व को समझकर बहुजन समाज का प्रधानमंत्री बनाएंगे। बहुजन समाज किसी के बहकावे , धार्मिक राजनीतिक षड्यंत्र में ना आए। टुकड़ों में ना बटे, जितने भी बहुजन पार्टियां हैं सबका गठबंधन हो और भाजपा जैसी तानाशाह सरकार को धरती पर ला दें।
संविधान मानने वालों से खतरा मानने लगी सरकार
शामली। चंद्रशेखर ने भीम आर्मी द्वारा आयोजित बाबा साहेब के महापरिनिर्वाण दिवस के मौके पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कहा कि वे महानिवार्ण दिवस के मौके पर संसद में गए तो वहां उन्हें रोकने की पूरी कोशिश की गई। चंद्रशेखर के नेतृत्व में आर्मी के सदस्यों ने शहर में कैंडल मार्च निकाला। सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिन लोगों ने एक गाय के नाम पर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। उनसे तुम्हें खतरा नहीं है और जो लोग संविधान को मानते हैं उनसे तुम्हें खतरा है। उन्हें संसद जाने से रोक रहे हैं। उन्होंने कहा कि वहां मौजूद लोगों का उत्साह और माहौल देख लगा कि इस बार बहुजन समाज का प्रधानमंत्री बनेगा। बहुजन समाज के लोग बदलाव चाहते हैं। भीम आर्मी के सदस्यों ने कैंडल मार्च निकाला ओर अजंता चौक पर बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि देकर मार्च समाप्त किया। इस मौके पर आर्मी जिलाध्यक्ष नीतू गौतम, पूरर्ण चंद जाटव, ईश्वर जाटव, मनोज, आशीष, विकास, अरुण, महेश के अलावा जिले भर से आए आर्मी कार्यकर्ता शामिल थे।
आज रोक रहे हो कल सुरक्षा दोगे
चंद्रशेखर ने कहा कि संसद में जाते वक्त जब उन्हें सिक्योरिटी वालों ने हमें रोका तो हमने भी कह दिया अब तुम्हारी सरकार है। छह महीने में ही समय बदल जाएगा। आज तुम हमें रोक रहे हो फिर तुम ही हमें सुरक्षा दोगे। कहा कि हम तो संसद में घूमने नहीं आए । देखने आए थे कहां से कब्जा करना है। कितने एरिया में कब्जा करना है। हम पूर्ण बहुत से संसद में जा रहेें हैं।
घबराए ना प्रशासन
उन्होंने कार्यक्रम स्थल के बाहर भारी पुलिस बल देख कहा कि प्रशासन ना घबराए । हम हनुमान मंदिर पर कब्जा कराने नहीं आ रहे । हम तो अब संसद पर ही कब्जा करेंगे। वहां जाएंगे और सरकार बनाएंगे। आने वाला समय बहुजन समाज का होगा। चंद्रशेखर ने कहा कि छह दिसंबर को बाबा साहेब का महापरिनिवार्ण दिवस है। इसी दिन विवादित ढांचा विध्वंस हुुआ था। दलित, मुस्लिम या किसी भी समाज का बहुजन समाज की सरकार को शोषण नहीं होगा।