- रालोद नेताओं ने शामली मिल के अधिकारियों से मिलकर दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। रालोद नेताओं का प्रतिनिधिमंडल रविवार को अपर दोआब चीनी मिल के अधिकारियों से मिला। इस दौरान पिछले सत्र का भुगतान 20 फरवरी तक न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
रालोद नेता पार्टी के जिलाध्यक्ष चौधरी वाजिद अली के साथ शामली शुगर मिल पहुंचे और अधिकारियों से मिलकर बकाया गन्ना मूल्य भुगतान पर वार्ता की। रालोद नेताओं ने कहा कि पिछले सत्र का भुगतान अभी तक नहीं होने से किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घर के खर्च चलाना और बच्चों की स्कूल फीस देना मुश्किल हो रहा है। किसान बीमारी का इलाज भी नहीं करा पा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पिछले सत्र का बकाया भुगतान 20 फरवरी तक देना सुनिश्चित करें। यदि ने मिल ने भुगतान नहीं किया तो पार्टी बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेगी। प्रतिनिधिमंडल में क्षेत्रीय अध्यक्ष योगेंद्र सिंह चेयरमैन, थानाभवन विधायक अशरफ अली खान, पूर्व जिलाध्यक्ष ऋषिराज, डॉ. हरेंद्र वर्मा, चौधरी सोहनपाल सिंह, ओमपाल सिंह, अनवार चौधरी, सनोज चौधरी, विकास धीमान, सुनील मलिक, राजीव निर्वाल, आशुतोष पंवार, डॉ. मुबारक, मनीष निर्वाल, प्रमोद नगराध्यक्ष ऊन, प्रभात मलिक आदि शामिल रहे।