संवाद न्यूज एजेंसी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव भभीसा में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से एक किसान की एक बीघा गेहूं की फसल और दूसरे की एक बीघा गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित किसानों ने डीएम को शिकायत कर मुआवजे की मांग की है। थाना क्षेत्र के गांव भभीसा निवासी किसान विनय ने अपने खेत में गेहूं की फसल बो रखी है, जबकि विनय के खेत के बराबर ही किसान अनुज ने गन्ने की फसल बो रखी है। दोनों किसानों के खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। मंगलवार को हाईटेंशन लाइन के तार आपस में उलझ गए। इसके चलते हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी किसान विनय के गेहूं के खेत में गिर गई। खेत में गिरी चिंगारी से किसान की गेहूं की एक बीघा फसल जलकर राख हो गई, जबकि बराबर में ही किसान अनुज की भी एक बीघा गन्ने की फसल जल गई। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने मौके पर पहुंचकर विद्युत विभाग को सूचना दी और विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। किसानों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दोनों पीड़ित किसानों ने डीएम रविंद्र सिंह को शिकायत करते हुए मुआवजे की मांग की है।