स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज निखिल का स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शामली रायफल क्लब के प्रशिक्षु निशानेबाज नेेशनल शूटर निखिल पुंडीर ने मवाना में आयोजित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। पदक विजेता का क्लब पहुंचने पर स्वागत किया।
शामली रायफल क्लब के अध्यक्ष मुुकेश चौधरी ने बताया कि 25 से 27 सितंबर तक महर्षि दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज पिलोना मवाना (मेरठ) में आयोजित 66वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालयी निशानेबाजी प्रतियोगिता हुई। इसमें क्लब के प्रशिक्षु निशानेबाज नेशनल शूटर निखिल पुंडीर ने एयर राइफल पीप साइट अंडर 19 वर्ग में 395/400 स्कोर के साथ स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
राष्ट्रीय किसान इंटर कॉलेज शामली के 12वीं के छात्र गांव महावतपुर निवासी निखिल ने प्रतियोगिता में सहारनपुर मंडल का प्रतिनिधित्व किया है। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा नेता सरधना के पूर्व विधायक संगीत सिंह सोम ने निशानेबाज को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। बुधवार को क्लब पहुंचने पर पदक विजेता निशानेबाज निखिल को क्लब अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने सम्मानित किया। यहां क्लब डायरेक्टर तपन मलिक, आशा मलिक, रितेश शर्मा, संजय यादव, अक्षय जावला, निशांत बालियान, शोभित शर्मा, नितिन कुमार आदि मौजूद रहे।