कैराना। करीब एक माह से तालाब का गंदा पानी गोगवान गांव के मुख्य मार्ग पर भरा हुआ है। जलभराव का एक माह बाद भी समाधान नहीं हो सका।
शनिवार को ग्राम गोगवान निवासी भाकियू ग्राम अध्यक्ष आमिर अली ने एसडीएम संदीप कुमार को एक शिकायती पत्र सौंपा। जिसमें बताया कि करीब एक माह से गांव के तालाब का गंदा पानी मुख्य मार्ग पर भरा हुआ है। जिस कारण गांव में आने जाने वाले व्यक्तियों को काफी परेशानी होती है। बताया कि पूर्व में भी एक प्रार्थना पत्र ग्राम सचिव को दिया था। आरोप है कि सचिव ने अपनी रिपोर्ट में पानी की निकासी की रिपोर्ट दर्शाई है, जबकि तालाब के पानी की अभी तक कोई निकासी की व्यवस्था नहीं हुई हैं। तालाब का गंदा पानी सड़क पर भरने के कारण ग्रामीणों को गांव में आने जाने के लिए सीढ़ी या बग्गी का सहारा लेना पड़ता है। लगातार जलभराव से मच्छर पैदा हो रहे हैं। जिससे संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। भाकियू ग्राम अध्यक्ष ने पानी की निकासी कराने की मांग की है।