शामली/चौसाना। झिंझाना थाने के दथेड़ा और गढ़ीपुख्ता थाने के गढ़ी अब्दुल्ला खां में देशी शराब के ठेकों पर मिलावटी शराब पकड़ी गई। सेल्समैन शराब में पानी मिलाकर बेच रहे थे। मौके से खाली पव्वे, ढक्कन एवं सूजा (ढक्कन खोलने का औजार) बरामद हुआ है। ठेकों से तीन सेल्समैनों को गिरफ्तार किया गया है। सेल्समैनों और ठेका लाइसेंस धारकों के खिलाफ गढ़ीपुख्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
बृहस्पतिवार देर शाम आबकारी टीम ने झिंझाना क्षेत्र के गांव दथेड़ा में संचालित देशी शराब के ठेके पर छापा मारा। वहां टीम को खाली पव्वे, ढक्कन और सूजा मिला। इसके साथ ही गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव गढ़ी अब्दुल्ला स्थित देशी शराब के ठेके पर भी खाली पव्वे, सूजा और ढक्कन मिले।
जिला आबकारी अधिकारी हरिओम ने बताया कि देशी शराब के पव्वों में पानी मिलाकर बेचा जा रहा था। सूजे से ढक्कन को खोल दिया जाता था तथा उसमें से शराब निकालकर पानी मिला दिया जाता था। जांच में शराब मिलावट का पता लगने पर सेल्समैन अरुण, मोनू और संदीप कुमार निवासी खेड़ी खुशनाम थाना झिंझाना को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही लाइसेंस धारी खड़क सिंह और अतर सिंह के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट के अनुसार ठेके पर बिना सील लगे पव्वे मिले हैं। पूछताछ में सेल्समैन ने कबूल किया है कि दुकान मालिक के कहने पर पव्वों में मिलावट की जा रही थी।
---------------
निरस्त होंगी तीन दुकान
शामली। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि दथेड़ा और गढ़ी अब्दुल्ला खां देशी शराब के ठेकों को निरस्त किया जाएगा। आबकारी एक्ट में यह प्राविधान है कि यदि किसी व्यक्ति के नाम दो ठेके हैं और एक पर अनियमितता पाई जाती है तो दूसरे ठेके को भी निरस्त किया जाए। लाइसेंसधारी खड़क सिंह के नाम दथेड़ा के साथ पंजोखरा का भी ठेका है। इसलिए दोनों दुकानों के लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। इसके अलावा गढ़ी अब्दुल्ला की दुकान का भी लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।