कैराना क्षेत्र में स्थित नाहिद कॉलोनी।
- फोटो : SHAMLI
विस्थापित बस्ती की सड़कों में भरा पानी, डीएम से शिकायत
शामली, कांधला। क्षेत्र के गांव असदपुर जिडाना में विस्थापित बस्ती में पानी की निकासी न होने के चलते मोहल्ले के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस्ती के लोगों ने डीएम जसजीत कौर से शिकायत करते हुए पानी निकासी कराए जाने की मांग की है।
वर्ष 2013 में हुए सांप्रदायिक दंगे के बाद हजारों लोगों ने कस्बे में स्थित ईदगाह में आकर शरण ली थी। बाद में सरकार ने विस्थापित लोगों को मुआवजे के रूप में पांच-पांच लाख रुपये दिए थे। सरकार से मुआवजा मिलने के बाद विस्थापित लोगों ने क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत, असदपुर जिडाना और कांधला देहात में अपने-अपने मकान बनाकर रहना शुरू कर दिया था। विस्थापितों का आरोप है कि वर्ष 2013 से आज तक उन्हें सरकार की ओर से मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलीं। जिसके चलते उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गांव जिडाना निवासी विस्थापित अली हसन, बिल्लू, आरिफ, कय्यूम व अनवर का आरोप है कि पूरी बस्ती में सड़कें तो बनी हैं, लेकिन पानी की निकासी का कोई व्यवस्था नहीं है। घरों से निकलने वाला पानी बस्ती की सड़कों में भर जाता है। बस्ती की सड़कों में पानी भरने के चलते बच्चों को स्कूल जाने में भी भारी परेशानियां हो रही हैं। बस्ती में कोई मेहमान भी विस्थापितों के घर नहीं आ पाता। बस्ती के लोगों का आरोप है कि कई बार ग्राम प्रधान को भी शिकायत कर पानी निकासी की मांग कर चुके हैं, लेकिन ग्राम प्रधान भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। सोमवार को विस्थापितों ने डीएम जसजीत कौर को शिकायत करते हुए पानी निकासी कराने की मांग की है।