शामली। शहर में सुबह एक घंटे की बारिश से बाजारों व सड़कों पर पानी भर गया। बारिश से लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिली, लेकिन इसके बाद निकली धूप व उमस ने लोगों को परेशान कर दिया।
सोमवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाये रहे। करीब साढ़े दस बजे बादल झमाझम बरसे। एक घंटे तक जमकर बारिश हुई, लोगों को गर्मी से जहां राहत मिली। वहीं शहर के कबाड़ी बाजार, नेहरू मार्केट, नाला पटरी, कैराना मार्ग, धीमानपुरा, भिक्की मोड़ और टंकी रोड समेत कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। जलभराव होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई। बारिश थमने के बाद पानी उतरना शुरू हुआ। इसके बाद तेज चटक धूप निकली और मौसम में उमस बन गई। चिपचिपाहट वाली गर्मी से लोग परेशान रहे। शाम पांच बजे के बाद फिर से आसमान में बादल छा गए।