फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: पानी की खपत बढ़ी, पाइप लाइनों में लीकेज से लोग हो रहे परेशान

Mon, 06 May 2024 01:22 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
विज्ञापन
शामली/झिंझाना/जलालाबाद/कांधला। गर्मी शुरू होते ही पेयजल की खपत बढ़ गई है। सर्दी के मौसम के मुकाबले करीब पांच हजार किलोलीटर पानी शहर में ज्यादा इस्तेमाल हो रहा है। नगरपालिका की तरफ से मानक से ज्यादा पानी नागरिकों को उपलब्ध कराए जाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन कई स्थानों पर पाइप लाइन लीकेज व बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है। कहीं पर दूषित पानी आने की भी समस्या सामने आई है। जिले के अन्य कस्बों में भी टीम ने पड़ताल की तो कहीं पर हैंडपंप खराब मिले तो कहीं पर लीकेज के कारण बने गड्ढों से हादसा होने का खतरा बना रहता है।
विज्ञापन

शामली शहर में नागरिकों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगरपालिका की 43 नलकूप और तीन ओवरहैड टैंक हैं। टंकी रोड और काकानगर में ओवरहैड टैंक पर जेनरेटर की व्यवस्था है, लेकिन रेलपार में ओवरहैड टैंक समेत अन्य सभी नलकूपों पर जेनरेटर न होने के कारण बिजली पर ही पानी की सप्लाई निर्भर रहती है। इसके साथ ही जगह-जगह पाइप लाइन लीकेज की समस्या के कारण पेयजल आपूर्ति में बाधित रहती है। बुधवार को मिल रोड, कांबोज काॅलोनी व पंजाबी काॅलोनी में पाइप लाइन लीकेज की शिकायत मिली थी, जिसे पालिकाकर्मियों ने जाकर ठीक किया। इस तरह की शिकायतें अक्सर पालिका को मिलती रहती हैं। मोहल्ला धर्मपुरा गुजरातियान में भी कंपलिंग बार-बार खराब होने से पानी का प्रेशर कम हो जाता है। इसी तरह की समस्या शहर के अन्य स्थानों सामने आती रहती है।
शांति नगर निवासी राजबहादुर ने बताया कि सुबह पांच बजे पानी आता है और साढ़े छह बजे चला जाता है। इसके बाद दोपहर में दो बजे पानी आता है। मोहल्ला कलंदरशाह में नलकूप के निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा है। नानू व दिलशाद का कहना है कि पानी कम आता है। पानी का प्रेशर नहीं आता। अटल विहार निवासी पवन का कहना है कि टंकी तो लगी है, लेकिन पानी की सप्लाई नहीं हो रही है।
विज्ञापन

नगरपालिका शामली के अवर अभियंता जल विशाल तोमर का कहना है कि सर्दी में लगभग 25 हजार किलोलीटर पानी की खपत थी, जो अब बढ़कर 30 हजार किलोलीटर तक हो गई है। शहर में पेयजल की कोई समस्या नहीं है। 43 नलकूप और तीन ओवरहैड टैंक से नागरिकों को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। अगर कहीं से पाइप लाइन लीकेज या अन्य कोई समस्या आती है तो उसका तुरंत समाधान कराया जाता है। उन्होंने बताया कि मानक के अनुसार 165 प्रति लीटर प्रति व्यक्ति पानी की जरूरत होती है। शहर में मानक से ज्यादा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

झिंझाना कस्बे में पानी की लीकेज थमने का नाम नहीं ले रही है। सड़क किनारे खुले पड़े लीकेज के गड्ढे से हादसों का खतरा तो है ही साथ ही खुले गढ्ढों में भरा पानी दूषित होकर लोगों के घरों में जा रहा है। बिल्लन, मुंफेत खान, शौकत राना, मतलूब मिर्जा, हाजी राशिद आदि का कहना है कि जब पानी की सप्लाई आती है तब खुला पड़ा लीकेज का गढ्ढा भरकर पानी बहता रहता है और जब पानी चला जाता है तब गढ्ढे में भरा गंदा पानी प्रेशर के साथ वापस पेयजल पाइपलाइन लाइन में चला जाता है। इससे लोगों के घरों में बाद में जब दोबारा पानी आता है तब दूषित पानी से पानी के टैंकों में मौजूद साफ पानी को भी खराब कर देता है। नगर पंचायत को बार-बार शिकायत करने पर भी समाधान नहीं रहा है।
कस्बा जलालाबाद के मोहल्ला सुजान के जोड़आं कुआं पर काफी समय से हैंडपंप खराब पड़ा है। मोती बाजार स्थित रामलीला स्टेज पर भी काफी समय से हैंडपंप खराब होने से पानी की समस्या बनी है। दुकानदारों का कहना है कि बार बार शिकायत करने के बाद हैंडपंप ठीक नहीं हो सका है।

कई फ्रीजर और हैंडपंप खराब, यात्री परेशान
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसीली में पेयजल व्यवस्था के लिए लगाए गए नल व फ्रीजर पानी के टैंक खराब होने के कारण ग्रामीणों के सामने पेयजल व्यवस्था की समस्या बनी हुई है।

ग्रामीण राजोउल अहमद, बदरूजमा, उमेद, रहबर, दिनेश, सलमान, शाहरुख शादी का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में पानी सभी की जरूरत है। गांव में खराब पड़े हुए रेफ्रिजरेटर व नलकूप को सही करने के लिए लगातार ग्राम प्रधान व ब्लाॅक परिसर में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। खराब पड़े हैंडपंप को जल्द ही ठीक करा दिया जाएगा। लोगों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। - संतोष कुमार, एडीएम शामली
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें