मतदान केंद्र पर पानी की बोतल पर रहेगा प्रतिबंध
शामली। पंचायत चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर डीएम जसजीत कौर ने जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर चुनाव के दायित्व सौंपे। उन्होंने कहा कि मतदान स्थल पर बिजली, पानी आदि की व्यवस्था दुरुस्त हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में डीएम जसजीत कौर ने पंचायत चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर जिलास्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन बूथ के अंदर मोबाइल फोन, सैनिटाइजर, पानी की बोतल, लाइटर, असलाह ले जाना प्रतिबंधित है। प्रत्येक बूथ पर बड़े पोस्टर के माध्यम से यह दर्शाए जाएं कि क्या-क्या आपत्तिजनक वस्तुएं अंदर नहीं ले जानी हैं। उन्होंने नामांकन रद्द तथा नाम वापसी की सूचना पोर्टल पर अपडेट, मतपत्रों की पैकेटिंग की व्यवस्था, मतपेटियों की प्राप्ति, स्ट्रांग रूम की तैयारी, पोलिंग पार्टी की रवानगी तथा वापसी हेतु टेबल वार कार्मिकों की ड्यूटी, संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदेय स्थलों पर वीडियोग्राफी, सीसीटीवी आदि की व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 को सकुशल संपन्न कराना हम सबकी जिम्मेदारी है। जिस अधिकारी को सामान्य निर्वाचन 2021 को सकुशल संपन्न कराने हेतु जो दायित्व सौंपे गए हैं, वह उनका निर्वहन प्राथमिकता के आधार पर करते हुए पूरी मुस्तैदी के साथ निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराएं। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार सिंह, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अश्वनी शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा, प्रभारी अधिकारी वीडियोग्राफी, समस्त खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत आदि मौजूद रहे।