शामली। नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा का व्यापक प्लान तैयार किया है। खासकर अति संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर कड़ी चौकसी बरती जानी है।
मतदान वाले दिन जिले की सीमा सील कर दी जाएंगी। जिसके लिए सात चेकपोस्ट और 48 स्थान पर बैरियर लगाए जाएंगे। 22 नवंबर को जिले में नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान होना है।
एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि पुलिसकर्मियों की चुनाव ड्यूटी लगा दी गई हैं। सभी को स्पष्ट निर्देश दिया है कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गौरतलब है कि जिले के कुल 101 मतदान केंद्रों में 35 मतदान केंद्र अतिसंवेदनशील प्लस, 40 अति संवेदनशील, 25 संवेदनशील की श्रेणी में है।
मात्र एक मतदान केंद्र सामान्य की श्रेणी में है। 101 मतदान केंद्रों के 374 बूथों के लिए 87 सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल 17, कांस्टेबल 397, होमगार्ड 748, पीएसी साढे़ सात सेक्शन लगाई गई है।
बूथों के हिसाब से बनाई व्यवस्था ः मतदान वाले दिन क्षेत्र में भ्रमण करने के लिए 35 कलस्टर मोबाइल, 16 जोनल मोबाइल सक्रिय रहेंगे, जबकि तीन अंतर जनपदीय और चार अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट बनाए जाएंगे। जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, बैरियर और चेकपोस्टों पर कुल 220 उपनिरीक्षक, 40 एचसीपी, 857 कांस्टेबल, 475 होमगार्ड और 18 सेक्शन पीएसी तैनात रहेगी।
तीन से ज्यादा बूथ वाले मतदान केंद्र पर एक दरोगा, तीन कांस्टेबल, तीन होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा जिस मतदान केंद्र पर दो या इससे कम बूथ है, वहां पर एक एचसीपी, दो कांस्टेबल तथा दो होमगार्ड की ड्यूटी रहेगी।
प्लस अतिसंवेदनशील केंद्रों पर रहेगी क्यूआरटी ः जिले में अति संवेदनशील प्लस और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। इन केंद्रों पर फोर्स की उपलब्धता के साथ वहां पर क्यूआरटी, कलस्टर, मोबाइल, सेक्टर मोबाइल आदि की ड्यूटी राउंड के अनुसार लगाई गई है।
वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक जगदीश शर्मा ने बताया कि निकाय चुनाव की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। बूथों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, किसी भी सूरत में बूथों पर गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सेक्टर, जोनल मजिस्ट्रेटों को कराया जिम्मेदारी का बोध
शामली। जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों की अहम जिम्मेदारी है।
सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ पुलिस अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। समय रहते अपने मतदान केंद्रों का रूट चार्ट और वहां की व्यवस्था देख लें। मतदान वाले दिन भ्रमणशील रहें।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर लें। समय रहते अपने अपने मतदान केंद्रों का भ्रमण कर वहां व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराएं।
उन्होंने बताया कि मतदान वाले दिन भ्रमण के लिए ऐसा रूट चार्ट बनाया गया है, जिससे सभी सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट मतदान केंद्र की परिधि में रहेंगे और किसी भी घटना से विवाद की सूचना मिलने पर पांच से दस मिनट के भीतर मतदान केंद्र पर पहुंच जाएंगे। 21 नवंबर को पोलिंग पार्टियां मतदान सामग्री लेकर मतदान केंद्र पर रवाना होंगी।