झिंझाना। एसडीएस कॉन्वेंट स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर रंगारंग प्रस्तुति दी। इस दौरान मेधावियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं ने देशसेवा करने और सामाजिक कुरीतियों के प्रति लड़ने का संदेश दिया।
वार्षिकोत्सव पर मुख्य अतिथि कैराना सांसद हुकुम सिंह ने मां सरस्वती के समुख दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुति दी। जिसे कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने खूब सराहा। इस दौरान हुकुम सिंह ने कहा कि आज के स्कूलों में बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों में डीजे बजाकर डांस कराया जा रहा है।
जो गलत है, हमें इस प्रवृत्ति को बदलना होगा। बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलना चाहिये, उन्हें स्वयं कोई गीत या कविता सुनानी चाहिए। तभी उनका मानसिक विकास होगा।
थानाभवन विधायक सुरेश राणा ने कहा कि आज के बच्चे कल का भविष्य हैं। छात्रों को हरफनमौला होना चाहिये, जो किसी भी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सके। उन्होंने कहा कि समय बदल रहा है, इसलिए अभिभावक भी अपने बच्चों की शिक्षा के प्रति गंभीर हैं। उन्हें यह भी ध्यान रखना चाहिए कि पढ़ाई के साथ बच्चों में देशभक्ति की भावना भी पैदा हो।
सुरेश राणा ने कहा कि कालेजों में जो देश विरोधी नारे लगाये जा रहे हैं। वह पूरी तरह से गलत है। आज के छात्रों की इस सोच को बदलना होगा। यह तभी संभव है, जब दिल में देश सेवा का जज्बा होगा।
इस दौरान प्रधानाचार्य सतीश भटनागर ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। बाद में प्रबंधक श्रीपाल आर्य ने विद्यालय के वर्ष 2006 से लेकर आज के आयामों को गिनाते हुए क्षेत्र के गणमान्य लोगों का अभिनंदन किया।
इस दौरान पूर्व चेयरमैन राकेश गोयल, आशीष मित्तल, सुनील बंसल, सूर्यवीर सिंह, अजय बंसल, राजू पंडित ,विनोद संगल, प्रमुख पति ऊन कर्मबीर, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार, रवि गोयल, बंटी तोमर, गुरदित्ता सिंह, शांता प्रधान, राजू, शिवकुमार प्रधान व नीटपाल तौलापुर हरियाणा आदि मौजूद रहे।