दो किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक इकट्ठा करेंगे स्वयंसेवक
शामली। राष्ट्रीय सेवा योजना लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक अशोक श्रुति ने कहा कि भारत सरकार द्वारा अक्तूबर में चलाए जा रहे क्लीन इंडिया कार्यक्रम में प्रत्येक स्वयं सेवक को दो किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक इकट्ठी करनी होगी।
क्षेत्रीय निदेशक अशोक श्रुति ने मंगलवार को क्लीन इंडिया कार्यक्रम की साप्ताहिक समीक्षा के लिए मां शाकंभरी विश्वविद्यालय से संबद्ध शामली, मुजफ्फरनगर व सहारनपुर के महाविद्यालयों के राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों की वर्चुअल बैठक ली। उन्होंने कहा कि क्लीन इंडिया कार्यक्रम में प्रत्येक स्वयंसेवक को दो किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक अक्तूबर में संकलित करनी है। इसके लिए वह रेलवे स्टेशन, स्कूल प्रांगण, बस स्टेशन, मंदिर, नहरों के किनारे से और अपने घरों में सफाई के समय प्लास्टिक इकट्ठा करेगा। इकट्ठी की गई प्लास्टिक अपने कार्यक्रम अधिकारी के माध्यम से नगर पालिका और नगर निगम के अधिकारियों को सौंपेंगे।
इस कार्यक्रम में नागरिकों व जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जा सकता है। विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. भूपेंद्र कुमार ने सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में बताया। बैठक में समता तोमर, डॉ. कल्पना राय, डॉ. नीतू वर्मा, डॉ. छवि, डॉ. रामकुमार, डॉ.लक्ष्मी गौतम आदि मौजूद रहे।