बाबरी क्षेत्र के गांव रायपुर में तालब में भरा पानी व तालाब के पास फैली गंदगी
- फोटो : SHAMLI
रायपुर गांव में जलभराव से ग्रामीण परेशान
बाबरी। क्षेत्र के गांव रायपुर में गांव के बीच स्थित तालाब से पानी की समुचित निकासी नहीं होने से गांव में जलभराव की समस्या रहती है। बारिश होते ही गांव की सड़कों और घरों तक में पानी भर जाने से निकलना मुश्किल हो जाता है।
गांव रायपुर में स्थित तालाब की गहराई कम होने तथा साफ-सफाई नहीं होने से हल्की बारिश में पानी से लबालब हो जाता है। इससे पानी की निकासी न होने के चलते सड़कों और ग्रामीणों के घरों में पानी भर जाता है। इसके चलते पिछले वर्ष मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। कुछ लोगों ने तालाब पर अतिक्रमण कर लिया है। तालाब के पास कूड़ा डालते हैं, जिससे परेशानी होती है। कई बार ग्राम प्रधान व अधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन तालाब की सफाई नहीं कराई गई।
बोले ग्रामीण...
गांव निवासी टीपू ने बताया की तीन वर्षों से अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
गांव निवासी सत्यपाल ने बताया कि घरों में बारिश होते ही जलभराव हो जाता है। इससे मकान गिरने का डर बना रहता है।
प्रदीप कुमार ने बताया कि तालाब में कचरा भरा होने के चलते गांव का पानी उसमें नहीं जा पाता। इससे सड़क और घरों में पानी भर जाता है।
गांव निवासी जगमाल ने बताया कि बारिश होते ही तालाब लबालब हो जाता है।