गढ़ीपुख्ता क्षेत्र बुंटा-जाफरपुर की सड़क पर फैली गंदगी।
- फोटो : SHAMLI
शामली, गढ़ीपुख्ता। क्षेत्र के गांव बुंटा से जाफरपुर जाने वाले मार्ग पर पानी की निकासी न होने के कारण गलियों में हुए जलभराव से जहां ग्रामीणों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं इस पानी में मच्छरोें की तादाद भी लगातार बढ़ती जा रही है। जिससे गांव में मलेरिया, टाइफाइड व डेंगू जैसी बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। समस्या का समाधान न होने से ग्रामीणों में रोष है।
करीब एक साल से बुंटा गांव से जाफरपुर जाने वाले रास्ते पर पानी की निकासी न होने के कारण गांव की गलियों व मुख्य रास्ते पर पानी भरा रहता है। जिससे ग्रामीणों को आने जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में स्थित प्राइमरी स्कूल के बच्चों को भी इसी पानी से होकर निकलना पड़ता है। ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार ग्राम प्रधान से भी गुहार लगाई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया।
विधानसभा चुनाव के दौरान थानाभवन विधायक अशरफ अली खान ने गांव आकर ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि यदि वे चुनाव जीत गए तो गांव की कायापलट करा दी जाएगी। लेकिन समस्या जस की तस है। आक्रोश जताने वालों में डॉ. आसिफ, ताहिर, मसरूर, मुश्ताक, इलियास सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।