सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हेल्थ एटीएम मशीन का शुभारंभ
शामली, कांधला। कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा हेल्थ एटीएम मशीन लगाई गई। जिसका शुभारंभ एमएलसी वीरेंद्र सिंह एवं ब्लाक प्रमुख विनोद मलिक द्वारा फीता काटकर किया गया। इस मौके पर सीएमओ शामली सहित स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मचारी भी मौजूद रहे।
शनिवार को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग ने जन सुविधाओं के लिए हेल्थ एटीएम मशीन लगाई। हेल्थ एटीएम मशीन का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र सिंह व ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक ने किया इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र सिंह ने हेल्थ एटीएम मशीन पर अपना चेकअप कराया और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार प्रसार करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं। योजनाओं का लाभ गरीबों को सीधा दिया जा रहा है।
इस दौरान सीएमओ शामली डॉक्टर संजय अग्रवाल ने भी बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगाई गई हेल्थ एटीएम मशीन से अस्पताल पर आने वाले मरीज अपनी फुल बॉडी का चेकअप करा सकते हैं। जिसमें मुख्य रूप से ऊंचाई, वजन, बीपी, तापमान, ऑक्सीजन लेवल, बल्ड शुगर, एचडी प्रतिशत की निशुल्क जांच करा सकते हैं। जिसकी रिपोर्ट लाभार्थी के मोबाइल पर ओटीपी के माध्यम से मैसेज द्वारा प्राप्त होगी।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार में सरकार के द्वारा आयुष्मान कार्ड के माध्यम से लोगों को फ्री इलाज की सुविधा मिल रही है। कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हेल्थ एटीएम मशीन लगने से लोगों को काफी लाभ मिलेगा। इस मौके पर एसीएमओ अनिल कुमार, चिकित्सक प्रभारी रामबीर सिंह, मोहम्मद तौहीद अली, मुकेश कुमार, प्रवीन कुमार, पवन जैन, हाजी अनीस, आदि मौजूद रहे।