शामली। कांधला क्षेत्र के खंद्रावली रेलवे स्टेशन पर कई गांव के ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सांकेतिक रूप से ट्रेन रोककर दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन खंद्रावली स्टेशन पर रुकवाने की मांग की। रेलवे के अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा।
रविवार को क्षेत्र के गांव रसूलपुर गुजरान निवासी भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मैनपाल चौहान के साथ खंद्रावली, मीमला, जसाला, ब्रह्मखेड़ा सहित अन्य गांव के कई ग्रामीण खंद्रावली रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। दिल्ली-सहारनपुर जानेवाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 14305 व 14306 को स्टेशन पर रुकवाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में खंद्रावली स्टेशन पर हरिद्वार वाया शामली, दिल्ली सहारनपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन रुकती थी। जिसका कई ग्राम पंचायतों के ग्रामीण लाभ भी उठा रहे थे, लेकिन दिल्ली सहारनपुर ट्रेन के स्टॉपेज को खंद्रावली स्टेशन से खत्म कर दिए जाने पर ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। संवाद