हसनपुर लुहारी। पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए हसनपुर लुहारी के युवाओं और ग्रामीणों ने सराहनीय पहल की है। गांव के युवाओं ने एक टीम बनाकर घर-घर जाकर राहत सामग्री एकत्रित की। रविवार शाम को यह सामग्री ट्रक द्वारा पंजाब रवाना की गई।
गांव में शनिवार को मुनादी कर लोगों से सहयोग की अपील की गई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने बाढ़ पीड़ितों के लिए आटा, गेहूं, दाल, चीनी, तेल, कपड़े आदि सामग्री दान दी। पूरे गांव ने कुछ न कुछ योगदान कर राहत सामग्री भेजने में भागीदारी निभाई। साथ ही कई लोगों ने आर्थिक सहयोग भी दिया।
लोगों ने कहा कि मुसीबत कब आ जाए, कहा नहीं जा सकता, इसलिए जरूरी है कि सभी मिलकर पीड़ितों की मदद करें। ग्रामीणों ने यह भी आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर आगे भी हर संभव सहायता दी जाएगी।
इस अवसर पर पप्पू पांचाल, सुमित सैनी, कुलदीप सैनी, सुनील कश्यप, वासु सैनी, कर्म सिंह, प्रदीप सैनी, राजू सैनी, संजीव सैनी समेत अनेक लोग मौजूद रहे।