शामली में सीडीओ यशु रुस्तगी ने कहा कि हौसला पोषण एवं राज्य पोषण मिशन के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को एवं अतिकुपोषित बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों से ही गर्म भोजन, फल, देशी घी, नाश्ता पोषाहार दिया जाए। उन्होंने बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।
बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट में हौसला पोषण योजना और राज्य पोषण मिशन की समीक्षा की गई। सीडीओ ने जनपदीय अधिकारियों द्वारा गोद लिए गए गांवों का भ्रमण करके आख्या न दिए जाने पर नाराजगी व्यक्त की और अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि हौसला पोषण योजना के तहत भोजन निर्धारित मेन्यू के हिसाब से बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रतिमाह कम से कम दो दिन भ्रमण कर योजना के क्रियान्वयन के बारे में रिपोर्ट दें। परियोजना निदेशक बलिराम सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डाक्टर विनीता अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।