गो तस्करी के आरोपी को लेकर महिला की वीडियो वायरल
थानाभवन। शुक्रवार को भैंसानी इस्लामपुर गांव में पकड़े गए गो तस्कर को लेकर एक महिला ने डीजीपी, डीआईजी व शामली पुलिस को ट्वीट कर गोतस्कर को जेल भेजने की गुहार लगाई है।
भैसानी इस्लामपुर गांव निवासी तोहिद पिछले करीब नौ माह से गोतस्करी के मामले में फरार चल रहा था। शुक्रवार शाम पुलिस ने तोहिद को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद एक महिला ने शाम के समय दो वीडियो के साथ डीजीपी, डीआईजी व शामली पुलिस को ट्वीट किया है। इस ट्वीट में महिला दावा कर रही है कि वह गोतस्कर की पत्नी है। साथ ही महिला मांग कर रही है कि उसके पति को सिर्फ जेल भेजा जाए। उसका एनकाउंटर मत करें। यह वीडियो और ट्वीट शनिवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जयसवाल के संज्ञान में पहुंची। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा का कहना है कि एक महिला की वीडियो वायरल हुई है, जो गोतस्कर की पत्नी होने का दावा कर रही है। पुलिस मामले जांच कर रही है कि महिला कौन है और गोतस्कर से उसका क्या संबंध है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।